Powered By Blogger

Sunday, September 12, 2021

The Boy in the Striped Pyjamas: एक बच्चे की नज़र में फासीवादी दुनिया

 


हम सब अपनी आंखों से ज्यादा अपने विश्वास  (belief system) से देखते हैं। जैसे अधिकांश 'भक्त' हिंदुओं के लिए मुसलमान बुरे होते हैं। अधिकांश मध्य-उच्च वर्ग के लिए गरीब-आदिवासी-दलित गंदे होते हैं। या ज़्यादातर पुरुषों के लिए महिलाएं कमज़ोर और कम बुद्धि होती हैं। सत्ताएँ इस  विश्वास (belief system) को बनाए चीज़ रखने और उसे बढ़ाने में ऐड़ी चोटी का ज़ोर लगाए रहती हैं।

हमारे इस विश्वास  (belief system) की मोटी दीवार से टकराकर प्रतिदिन न जाने कितने निर्दोष  तथ्य (fact) लहूलुहान होते रहते हैं और दम तोड़ते रहते हैं।  लेकिन वह दृश्य भयावह होता है जब इस  विश्वास  (belief system) की मोटी दीवार से टकराकर एक बच्चा 'मर ' जाता है क्योंकि वह दूसरे बच्चे के साथ खेलने से इसलिए मना कर देता है कि वह बच्चा मुसलमान या यहूदी है। 

लेकिन कुछ विद्रोही बच्चे ऐसे होते हैं जो बड़ों के इस विश्वास  (belief system) की मोटी दीवार में सेंध लगा देते हैं और अपना एक भूमिगत संसार रच लेते हैं, जहाँ वे वह सारे काम करते हैं जो इस विश्वास  (belief system) की नज़र में निषिद्ध माने जाते हैं। 

 'The Boy in the Striped Pyjamas' फ़िल्म में नाज़ी ऑफिसर का 8 साल का बच्चा ब्रूनो ऐसा ही एक बच्चा है। जो अपने भूमिगत संसार में यातना शिविर  में रहने वाले एक यहूदी बच्चे से दोस्ती करता है, उसे चॉकलेट और खाने की अन्य चीज़ें देता है। उसके साथ चेस खेलता है।

यहूदी बच्चे के साथ ब्रूनो की पहली मुलाकात में  तथ्य और विश्वास  (belief system) की भिड़ंत साफ दिखती है। यहूदी बच्चे को घूरते हुए उसके दिमाग मे उसके इतिहास के शिक्षक का वह वाक्य गूंजता है कि यहूदी इंसानों से कुछ कम होते हैं। और जर्मन देश के महान बनने की राह में यहूदी सबसे बड़ी बाधा हैं। 

लेकिन हमें यह देखकर बहुत सुकून मिलता है कि ब्रूनो की मासूम और हमेशा कुछ तलाशती आंखे बड़ों के विश्वास  (belief system) पर भारी पड़ती है और हम एक खूबसूरत दोस्ती का आनंद लेते हैं।

घर में काम करने वाले एक यहूदी पावेल में उसे वो 'यहूदी' नहीं दिखता जिसके बारे में उसे बताया या पढ़ाया जाता है। 

ब्रूनो का पिता अपने विश्वास  (belief system) को दूसरे छोर तक ले जाता है और इसलिए हिटलर के प्रोजेक्ट को अपना प्रोजेक्ट मानकर यहूदियों के कत्लेआम में सक्रिय भागीदारी करता है। 

इस विश्वास  (belief system) का भयावह रूप उस संवाद में है जिसे सुनकर आपको शायद फ़िल्म को पाॅज़ करना पड़े। पास के चिमनी से उठते धुंए में जो बुरी गंध है, उसके बारे में ब्रूनो की माँ के पूछने पर एक जूनियर नाज़ी ऑफिसर नफ़रत से कहता है- ''ये जलते हैं तो और भी बुरी गंध मारते हैं।'' यह सुनकर दर्शकों की तरह ब्रूनो की माँ भी सन्न रह जाती है। सिहर जाते हैं हम कि  लोग इतनी नफ़रत कहाँ से लाते हैं? बहरहाल ब्रूनो की माँ अपने विश्वास  (belief system) को इस हद तक ले जाने में 'सक्षम' नहीं है। 

इसके बाद वह अपने पति से झगड़ कर  बच्चों सहित अपने गाँव जाने का निर्णय करती है, ताकि बच्चों को इस भयावह माहौल से बचाया जा सके।

लेकिन इसी बीच भूमिगत तरीके से जब ब्रूनो यातना कैम्प की इलेक्ट्रिक बाड़ के पास अपने यहूदी दोस्त से मिलता है तो उसका दोस्त घबराया हुआ है। उसका पिता खो गया है। ब्रूनो कहता है कि हम मिलकर खोजते हैं, मुझे अंदर (यातना शिविर में) आने दो। यहूदी दोस्त कहता है कि अंदर आने के लिए तुम्हे हमारी ड्रेस पहननी होगी (धारीदार पायजामा, Striped Pyjamas )। 

अब यातना शिविर में यहूदियों की ड्रेस में नाज़ी अफ़सर का बेटा भी है।  अपने यहूदी दोस्त के पिता को यहाँ वहां खोजता और चुपके से देखी 'यातना शिविर' पर दुनिया को दिखाने के लिए बनी 'साफ सुथरी प्रोपैगैंडा फ़िल्म' से इस बदसूरत हक़ीक़त की तुलना करता और परेशान होता।

इसी बीच ब्रूनो का पिता उसी यातना शिविर के यहूदियों  को गैस चैंबर में भरकर मारने का प्लान कर चुका है। क्योंकि काम करते करते अब सभी कमज़ोर और बीमार हो चुके हैं।

और यातना शिविर में यहूदियों की पहचान उनके कपड़ों से ही तो है। विडम्बना यह है कि वह बच्चा अपने दोस्त का धारीदार पैजामा पहन कर नाज़ी शिविर में दाख़िल हो जाता है।

इसके आगे लिखना मेरे लिए संभव नहीं। मेरे शब्दों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल रही।

अपने झूठे विश्वास  (belief system) का शिकार सिर्फ वे ही नहीं होते, जिनके खिलाफ यह विश्वास  (belief system) होता है। बल्कि वे भी होते हैं जो इस विश्वास  (belief system) में जीते हैं। 

यानी एक तरह से  इसका शिकार पूरी मानवता होती है।

पाश के शब्दों में कहें तो 'अगर तुम हमे भेड़ो-बकरियों की तरह क़ैद में रखते हो तो तुम भी हमारी रखवाली करते हुए कुत्ता होने को अभिशप्त हो।'

यह फ़िल्म इस समय नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।


#मनीष आज़ाद

No comments: